वेनेजुएला ने जारी किया 10 लाख का नोट,भारत में कीमत करीब 36 रुपये
काराकस
दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला ने आर्थिक तंगी और भयंकर मुद्रास्फीति से निपटने के लिए 10 लाख बोलिवर का नया करेंसी नोट जारी किया है। इससे पहले दुनिया के किसी भी देश ने इतना बड़ा करेंसी नोट नहीं छापा है। वेनेजुएला के वर्तमान मुद्रास्फीति के अनुसार, 10 लाख बोलिवर की कीमत आधा अमेरिकी डॉलर (करीब 36 रुपये) होगा। इतने में तो भारत में आधा लीटर पेट्रोल भी नहीं आएगा। कभी तेल के बूते अगाध संपन्नता देखने वाले वेनेजुएला में लोग अब भूखों मर रहे हैं। रुपये में अवमूल्यन का आलम यह है कि लोग बैग और बोरों में भरकर नोट लेकर जाते हैं और हाथ में टंगी पालीथीन में घर के लिए सामान खरीदकर लाते हैं।
अगले हफ्ते 2 लाख और 5 लाख के नोट होंगे जारी
वेनेजुएला के केंद्रीय बैंक ने कहा है कि देश की अर्थव्यवस्था को देखते हुए इतने बड़े करेंसी नोट को जारी करना पड़ा है। अगले हफ्ते में दो लाख बोलिवर और पांच लाख बोलिवर के नोट भी जारी किए जाएंगे। वर्तमान में वेनेजुएला में 10 हजार, 20 हजार और 50 हजार बोलिवर के नोट प्रचलन में हैं। वेनेजुएला में भारत के 1 रुपये की कीमत 25584.66 बोलिवर है।
पिछले साल से जारी थी नोट छापने की अटकलें
पिछले साल ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में बताया गया ता कि वेनेजुएला की सरकार जल्द ही 10 लाख बोलिवर (वहां का रुपया) का नोट छापने जा रही है। इसके लिए इटली की एक फर्म से 71 टन सिक्योरिटी पेपर का आयात किया गया है। इस फर्म का स्वामित्व इटली की कंपनी बैन कैपिटल के पास है, जो दुनिया के कई देशों को सिक्योरिटी पेपर का निर्यात करती है। कस्टम की रिपोर्ट में सिक्योरिटी पेपर को मंगाए जाने की बात का खुलासा हुआ है।

पाठको की राय